हिन्दू नववर्ष और नवरात्रि के अवसर पर गुरुवार को शहर में भव्य धर्मयात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 3 बजे एमएम ग्राउंड से शुरू होकर यह यात्रा शाम करीब 7 बजे जूनागढ़ पहुंचेगी, जहां महाआरती का आयोजन होगा। यात्रा से पहले एसपी मृदुल कच्छावा ने पूरे दल बल के साथ रूट पर पैदल यात्रा करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ड्रोन से पूरे रूट की स्केनिंग हो रही है। शहर में नवरात्रि के चलते मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वहीं धर्मयात्रा को लेकर पूरे बीकानेर को भगवा झंडों से सजाया गया है, जिससे हर गली-मोहल्ला धार्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है। एडिशनल एसपी चक्रवर्ती सिंह ने बताया कि पूरे रूट की कल भी ड्रोन से स्केनिंग करवाई गई थी और आज सुबह भी ड्रोन चलाया गया। अगर कोई भी आपत्तिजनक नारेबाजी करता है, गलत हरकत करता है तो पुरंत ही कार्रवाई होगी। यह रहेगा धर्मयात्रा का रूट धर्मयात्रा एमएम ग्राउंड से रवाना होकर नयाशहर थाने के आगे से होते हुए गोकुल सर्किल, नत्थूसर गेट, बारह गुवाड़, रत्ताणी व्यासों का चौक, मोहता चौक, तेलीवाड़ा, दाऊजी मंदिर, कोटगेट, केईएम रोड, सार्दुल सिंह सर्किल होते हुए जूनागढ़ पहुंचेगी। पूरी यात्रा में करीब 5 घंटे का समय लगने का अनुमान है। जगह-जगह स्वागत, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा धर्मयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। खास बात यह है कि यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की जाएगी, जिससे आयोजन और भव्य बनेगा। महिलाओं, पुरुषों के साथ ही छोटे स्कूली बच्चों में भी इस धर्मयात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसपी ने किया पैदल मार्च धर्मयात्रा से पहले पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसपी मृदुल कच्छावा ने एक दिन पहले खुद यात्रा मार्ग पर पैदल मार्च कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यात्रा के दौरान लगभग सभी थानों की पुलिस, यातायात पुलिस, आरएएसी के जवान और एसआईटी को तैनात किया गया है। एडिशनल एसपी चक्रवर्ती सिंह भी व्यवस्थाओं में शामिल हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों पर निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।