बीकानेर संसदीय क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में अब स्मार्ट शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की पहल पर जिले के 40 राजकीय विद्यालयों को स्मार्ट बोर्ड और आधुनिक फर्नीचर की सौगात मिलने जा रही है। यह संसाधन आवास एवं शहरी विकास निगम (हुडको) द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद के तहत उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस पूरी योजना पर करीब सवा करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। योजना के तहत प्रत्येक चयनित विद्यालय में 65 इंच का स्मार्ट डिजिटल बोर्ड लगाया जाएगा। इसके अलावा हर स्कूल में 50 विद्यार्थियों के लिए ड्यूल डेस्क सहित आरामदायक फर्नीचर भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल बोर्ड के जरिए विद्यार्थी आधुनिक शिक्षण प्रणाली से जुड़ सकेंगे और पाठ्यक्रम को अधिक प्रभावी तरीके से समझ पाएंगे। इससे सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर बेहतर होने के साथ डिजिटल लर्निंग को भी बढ़ावा मिलेगा। पंचायत समितियों के स्कूलों को मिलेगा लाभ योजना के तहत जिले की विभिन्न पंचायत समितियों के स्कूलों को शामिल किया गया है। इसमें बीकानेर पंचायत समिति के 10 स्कूल, श्रीडूंगरगढ़ के 7, लूणकरणसर और कोलायत के 6-6, खाजूवाला और नोखा के 4-4, पांचू और पूगल के 2-2 तथा बज्जू खालसा का 1 विद्यालय शामिल है। 14 मई को होगा कार्यक्रम इन सभी संसाधनों को 14 मई को शिक्षा विभाग को औपचारिक रूप से समर्पित किया जाएगा। इसके लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुजानदेसर में कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल एक लैब का उद्घाटन भी करेंगे। इस दौरान हुडको के अध्यक्ष संजय कुलश्रेष्ठ केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में स्मार्ट बोर्ड और फर्नीचर शिक्षा विभाग को सौंपेंगे। कार्यक्रम में चयनित स्कूलों के संस्था प्रधान भी मौजूद रहेंगे। ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि ग्रामीण सरकारी स्कूलों में डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ेगी और सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का माहौल भी बेहतर होगा।
