बीकानेर के प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल (पीबीएम) सरकारी हॉस्पिटल में 5 प्रसूताओं की किडनी फेल होने के चर्चित मामले में शुक्रवार को एक प्रसूता की मौत हो गई। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने इसकी पुष्टि की है। सूरतगढ़ की रहने वाली मृतका प्रीति करीब एक महीने पहले प्रसव के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती हुई थी। उसके पति कमल नायक सेलून का काम करते हैं। जानकारी के अनुसार, प्रसव के बाद प्रीति की तबीयत लगातार बिगड़ती गई। उसकी किडनी फेल हो गई थी और बाद में लीवर भी प्रभावित हो गया। पिछले कुछ दिनों से उसके दिमाग तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच रही थी। हालत गंभीर होने पर वह पिछले 20 दिनों से वेंटिलेटर पर भर्ती थी। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया के अनुसार, प्रथम दृष्टया मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर महिला की मौत का कारण माना जा रहा है। किडनी के बाद अन्य अंगों ने भी काम करना बंद कर दिया, इसके कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बता दें कि पीबीएम हॉस्पिटल में प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने और किडनी प्रभावित होने के मामले को लेकर पिछले दिनों काफी विवाद भी हुआ था। अब 3 पॉइंट्स में समझिए… पूरा मामला 5 महिलाओं की किडनी फेल हुई: PBM हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक-एक कर 5 महिलाओं की किडनी फेल हो गई थी। हालात इतने बिगड़े कि प्रसूताओं की कई बार डायलिसिस की गई। सभी को ICU में शिफ्ट किया गया है। इनमें तारा देवी (27), शारदा (26) और इमरती (20) की हालत में सुधार है। राहिला (19) को छुट्टी दे दी गई। जबकि प्रीति (20) करीब 20 दिनों से वेंटीलेटर पर थी। 2 जांच टीमें बनाई गई: हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट के अनुसार, सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं को बाजार से मंगवाए ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन लगाए थे। इसके बाद ही महिलाओं की तबीयत बिगड़ती गई। मामले में राज्य सरकार के स्तर पर 2 जांच कमेटी भी बनाई गई है, जिसमें जोधपुर मेडिकल कॉलेज की टीम पीबीएम हॉस्पिटल में चौबीस घंटे में जांच पूरी कर उसी दिन लौट गई। वहीं ड्रग कंट्रोलर की कमेटी कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट पर सरकार लेगी अंतिम फैसला: मामले में पीबीएम हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट का दावा है कि डॉक्टर्स व स्टाफ की तरफ से मामले में लापरवाही नहीं बरती गई और प्रसूताओं को प्रोपर इलाज दिया गया। हालांकि अंतिम फैसला दोनों जांच टीमों की फाइनल रिपोर्ट के बाद ही सरकार के स्तर पर अंतिम फैसला आने की संभावना है, जिसमें 4 से 5 दिनों का समय लग सकता है। इस बीच शुक्रवार को एक प्रसूता की मौत हो गई। ……………………………… ये खबरें भी पढ़िए… चिकित्सा-मंत्री बोले- ‘पैदल नाचती हुई आईं थी या बीमार होकर’:कहा- 1000 में से 2 की डेथ हो जाती है, दुरुस्त लोगों को आप नहीं देख रहे सरकारी हॉस्पिटल में डिलीवरी, 6 महिलाओं की किडनी फेल:बीकानेर के PBM अस्पताल में लापरवाही, एक मरीज वेंटिलेटर पर; अधीक्षक बोले- जांच कमेटी बनाई बाजार से मंगवाकर लगाए ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन:प्रसूताओं की किडनी फेल होती रही, हॉस्पिटल प्रशासन ने नहीं दिया ध्यान, 7 दिन बाद बनाई कमेटी प्रसूताओं की किडनी फेल मामले में डॉक्टर्स को क्लीन चिट!:जांच टीम ने इलाज में लापरवाही नहीं मानी; ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का रिकॉर्ड लिया कांग्रेस-पुलिसकर्मियों में धक्का-मुक्की, पूर्व सभापति ने उतारा शर्ट:सर्किट हाउस के गेट पर चिपकाया ज्ञापन, चूड़ियां रखीं