फलोदी जिला प्रशासन की तरफ से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए ‘मिशन प्रण’ अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों में नशा मुक्ति शपथ, हस्ताक्षर अभियान और पोस्टर प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इनका उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट करना और उन्हें इसके खतरों से अवगत कराना है। समाज कल्याण अधिकारी करणी सिंह नाथावत ने बताया- अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता वैन ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर आमजन को जागरूक कर रही है। ये वैन सीधे लोगों तक पहुंचकर उन्हें नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दे रही है। नाथावत ने ये भी बताया- समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाले ग्रामीण सेवा शिविरों में भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इन शिविरों में लोगों को हेल्पलाइन नंबर 1933 और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।