बालोतरा जिले में पुलिस ने बड़े आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। डीएसटी टीम और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से भारी मात्रा में सट्टा सामग्री और करोड़ों रुपए का हिसाब-किताब जब्त किया गया। किराए के मकान में चल रहा था सट्टा डीएसपी शीशपाल सिंह ने बताया कि डीएसटी बालोतरा को रात में सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार सिटी पार्क के पास किराए के मकान में आईपीएल मैच पर संगठित सट्टा संचालित किया जा रहा था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। पुलिस ने मौके से जावेद खान, मनीष खंडेलवाल, अशरफ खान और महेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 3 लैपटॉप, 33 मोबाइल फोन, एक पियानो अटैची, वाई-फाई राउटर, चार्जर और करोड़ों रुपए के हिसाब-किताब की डायरियां बरामद की गईं। ऑनलाइन ग्राहकों को जोड़ते थे प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से तकनीकी और संगठित तरीके से सट्टा चला रहे थे। वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ऐप के जरिए ग्राहकों को जोड़ते थे और लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से मैच दिखाकर सट्टा लगवाते थे। पुलिस से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे, जिन पर पिछले एक महीने से नजर रखी जा रही थी। कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में डीएसटी के एएसआई आईदान राम, कांस्टेबल उदय सिंह, धर्मेंद्र सिंह, शेम्भूराम, मुकेश कुमार की अहम भूमिका रही। थाना टीम से पुलिस निरीक्षक अचलाराम, एएसआई पुरखाराम, कांस्टेबल चेनाराम, अशोक कुमार, महेंद्र कुमार और रघुराज सिंह ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।