बाबा फरीद जी की चरण-स्पर्श प्राप्त पवित्र नगरी फरीदकोट में बाबा फरीद आगमन-पर्व 19 से 23 सितंबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान मानवता की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को बाबा फरीद अवॉर्ड फॉर सर्विस टू ह्यूमैनिटी और कला, साहित्य, खेल समेत अन्य क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वालों को स. इंदरजीत सिंह खालसा यादगारी अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कारों को लेकर गुरुद्वारा गौदड़ी साहिब फरीदकोट और टिल्ला बाबा फरीद रिलीजियस एंड चैरिटेबल सोसायटी की बैठक बाबा फरीद लॉ कॉलेज में अध्यक्ष सिमरजीत सिंह सेखों की अध्यक्षता में हुई। सदस्यों ने बताया कि पुरस्कारों के लिए नामों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के बाद किया जाता है। व्यक्ति या संस्था खुद आवेदन कर सकती है या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा नाम की सिफारिश भेजी जा सकती है। आवेदन पर दो व्यक्तियों की सत्यापित पुष्टि जरूरी आवेदन पर दो व्यक्तियों की सत्यापित पुष्टि जरूरी होगी। आवेदन 10 सितंबर से पहले बाबा फरीद पब्लिक स्कूल में जमा करवाए जा सकते हैं या ई-मेल के माध्यम से भेजे जा सकते हैं। 23 सितंबर को नगर कीर्तन के गुरुद्वारा गौदड़ी साहिब पहुंचने के बाद दीवान हॉल में पुरस्कार दिए जाएंगे। बाबा फरीद अवॉर्ड में सिरोपा, दोशाला, प्रशस्ति-पत्र और 2 लाख रुपए, जबकि इंदरजीत सिंह खालसा यादगारी अवॉर्ड में यही सम्मान सामग्री और 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। संस्था ने फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के लिए चयनित जरूरतमंद चार बच्चों की फीस भरने का भी फैसला किया है। संस्था ने देश-विदेश की संगत से आगमन-पर्व में शामिल होने की अपील की।
