बाड़मेर में सोमवार रात आए तेज तूफान और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। बोला ग्राम पंचायत के सबरी नगर गांव में दो अलग-अलग जगह कच्चे घर की दीवार ढहने से दो मासूम की मौत हो गई। परिजनों और लोगों को दो मासूम को बाहर निकाला। 8 साल के बच्चे का शव जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। सूचना मिलने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर है। वहीं, रामसर उपखंड के कंटल का पार पाबूसरिया गांव में तेज आंधी के दौरान टीनशेड का कमरा ढहने से पिता-पुत्र मलबे में दब गए, जबकि दूसरे घर में बचने के लिए बाहर भाग रही एक महिला के सिर पर लोहे की एंगल गिर गई। तीनों घायलों को परिजनों और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बाड़मेर रेफर कर दिया गया। टीनशेड गिरने से दो युवक भी घायल हुए है। गुडीसर सरपंच ने बताया गंगाराम पुत्र जोगाराम निवासी एकलव्य नगर गुडीसर, नरपत निवासी रामसर अपने ननिहाल गांव धुड़ासर गुडीसर आया था। रात को आए तूफान से टीनशेड उड़ गए। इन दोनों के ऊपर गिरने से दोनों घायल हो गए। एक का बाड़मेर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार बोला ग्राम पंचायत सबरी नगर में रात को आए तेज तूफान से टीनशेड से बने रूम की दीवार ढह गई। इससे खगेंद्र पुत्र शेराराम (8) निवासी सबरीनगर बोला नीचे दब गया। आसपास के लोग मलबा हटाकर बाहर निकाला। बाड़मेर हॉस्पिटल लेकर आए वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी गांव में बने कमरे की दीवार गिरने से 4 साल का मासूम नीचे दब गया। इससे खुमानाराम (3) पुत्र चनणाराम निवासी सबरी नगर बोला की मौत हो गई। अचानक आए तूफान से बिगड़ा मौसम का मिजाज सोमवार को दिनभर रुक-रुक कर हवाएं चलती रहीं और उमस से लोग परेशान रहे। रात करीब 10 बजे के बाद अचानक तेज तूफान शुरू हो गया। तूफान के साथ ही बिजली गुल हो गई और कुछ देर बाद तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। शहर में करीब आधे घंटे तक बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी बहने लगा। मौसम विभाग ने 25.4 एमएम बारिश दर्ज की है। कई इलाकों में पेड़-पोल गिरे, बिजली व्यवस्था चरमराई तूफान का सबसे ज्यादा असर चौहटन, रामसर, गडरारोड और बॉर्डर से लगे इलाकों में देखने को मिला। तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए और टीनशेड उड़ गए। ग्रामीण क्षेत्रों में सैकड़ों बिजली पोल गिरने से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई इलाकों में पूरी रात बिजली आपूर्ति बंद रही और देर रात तक आसमान में बिजली की गर्जना होती रही। कई सड़कों पर गिरा मलबा, आवागमन प्रभावित गडरारोड, रामसर, चौहटन, बायतु समेत कई ग्रामीण इलाकों में सैकड़ों बिजली पोल धराशायी हो गए। गडरारोड से खलीफे की बावड़ी रोड पर बिजली लाइन पोल सहित सड़क पर गिर गई। कई जगह पेड़ सड़कों पर गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। चौहटन कस्बे में दुकानों के आगे लगे टीनशेड तेज हवा में उड़ गए। टीनशेड कमरे ढहे, तीन लोग घायल रामसर उपखंड के कंटल का पार पाबूसरिया गांव में तेज आंधी के दौरान शैतानसिंह (40) और उनका चार वर्षीय बेटा रोहित घर के अंदर टीनशेड वाले कमरे में थे। इसी दौरान कमरा ढह गया और लोहे की एंगल व चद्दर गिरने से शैतानसिंह घायल हो गए। हादसे के दौरान उन्होंने बेटे को बचा लिया। वहीं पास ही दूसरे घर में तूफान के कारण कमरे हिलने लगे तो लोग बाहर भागने लगे, इसी दौरान अनिता कंवर के सिर पर लोहे की एंगल गिर गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को रामसर में प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर रेफर किया गया।