बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में पार्षद पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार (27 अगस्त) से शुरू होगी। अभ्यर्थी या उनके प्रस्थापक 27 से 31 अगस्त तक सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। रविवार और रक्षाबंधन के दिन छुट्टी रहेगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नगरीय निकाय चुनाव कार्यक्रम के तहत गुरुवार को नगर परिषद बाड़मेर के चुनाव के लिए लोक सूचना जारी की जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट भवानी सिंह ने बताया कि नगर परिषद बाड़मेर के वार्ड संख्या 1 से 55 तक पार्षद पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। नगर परिषद के 55 वार्डों को नामांकन के लिए दो भागों में बांटा गया है। 1 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच
नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर को सुबह 11 बजे रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट बाड़मेर के कार्यालय में की जाएगी। अभ्यर्थी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे से पहले अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की सूचना अभ्यर्थी को व्यक्तिगत रूप से रिटर्निंग अधिकारी को देनी होगी। इसके बाद 9 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। कलेक्ट्रेट परिसर में रहेगी विशेष व्यवस्था
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है। उपखंड कार्यालय बाड़मेर से तहसील बाड़मेर ग्रामीण कार्यालय तक बैरिकेडिंग की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया में आने वाले वकीलों और कार्यरत कार्मिकों के वाहनों के लिए सांख्यिकी कार्यालय बाड़मेर के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं आमजन और अन्य आगंतुकों के वाहनों के लिए महावीर पार्क के पास और महावीर पार्क के पीछे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
