बाड़मेर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद पहली साधारण सभा की बैठक हंगामेदार रही। सभापति गौतम जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में खसरा नंबर 1434 की जमीन को लेकर पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कुछ पार्षदों ने जमीन को नगर परिषद के कब्जे में लेने की मांग उठाई। इस दौरान वार्ड नंबर 1 के निर्दलीय पार्षद सुरतान सिंह ने विरोध करते हुए कहा – यह उनके वार्ड का मामला है। यहां लोग मकान बनाकर रह रहे हैं, इसलिए उनके घर नहीं तोड़े जाने चाहिए। इस पर भाजपा पार्षदों ने विरोध जताते हुए कहा – यह केवल उनके वार्ड का मामला नहीं है। बैठक में इस मुद्दे पर बहस बढ़ने लगी तो नगर परिषद आयुक्त विवेक व्यास ने बीच में हस्तक्षेप कर मामला शांत करवाया। इसके बाद बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। दीपावली पर सफाई और विकास कार्यों पर भी चर्चा बैठक में दीपावली को देखते हुए शहर की साफ-सफाई, नालियों की सफाई और सड़कों के निर्माण पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा शहर में अलग-अलग जगहों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी पार्षदों ने अपनी बात रखी। बैठक में जयमल सिंह, नगर परिषद आयुक्त विवेक व्यास सहित कांग्रेस और भाजपा के पार्षद मौजूद रहे।