हनुमानगढ़ में तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू बस पोल से टकराकर पलट गई। हादसे में महिला टीचर समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि हेड कॉन्स्टेबल समेत 10 लोग घायल हो गए. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हनुमानगढ़ टाउन जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से 3 गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसा संगरिया थाना क्षेत्र के मानकसर में सोमवार सुबह 9.30 बजे हुआ। 2 की मौके पर मौत, 1 ने अस्पताल में तोड़ा दम
एसपी हरी शंकर ने बताया- सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे हनुमानगढ़ से डबवाली जा रही एक प्राइवेट बस, बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद बेकाबू हुई बस पोल से टकराई और पलट गई। हादसे में बाइक सवार लखविंदर सिंह (40) और बग्गा सिंह (28) निवासी नगराना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार महिला टीचर, हेड कॉन्स्टेबल समेत 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला टीचर कमलदीप कौर (35) निवासी नई आबादी, हनुमानगढ़ टाउन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 3 लोगों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में 10 लोग घायल, सड़क पर जाम लगा
बाइक सवार युवक नगराना गांव के रहने वाले थे और घटनास्थल के पास एक होटल से निकले थे। इसी दौरान बस ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतका कमलदीप कौर किशनपुरा उत्तराधा के सरकारी स्कूल में टीचर थीं और ड्यूटी पर जा रही थीं। हादसे में उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी अनवर अली (45), हरियाणा के ऐलनाबाद निवासी अजय कुमार (24), श्रीकरणपुर के वार्ड नंबर 9 निवासी रामदेवी (62), सुरेशिया निवासी सुरेंद्र कुमार (45), सुरेशिया निवासी सुखचरण सिंह (29), सुरेशिया निवासी मसान लाल (45), जंडावाली निवासी महेंद्र सिंह (70), हुडको कॉलोनी निवासी आनंद पांडे (40), कणवाली रावतसर निवासी हेड कॉन्स्टेबल कालूराम (47) और श्रीगंगानगर निवासी पुष्पा (40) घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने बस को हटवाकर ट्रैफिक सुचारू करवाया। कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव और एसपी हरी शंकर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की बारे में जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।