कोटा में बाइक से गिरकर घायल हुई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला काली बाई (58) भवानी मंडी की रहने वाली थी। जो अपने बेटे के साथ रिश्तेदार की गमी में शामिल होने कोटा आ रही थी। बाइक से गिरने से सिर पर गंभीर चोट लगी। पिछले 12 दिन से महिला का इलाज चल रहा था। घटना मोड़क थाना क्षेत्र की है। दोहिते महावीर ने बताया की 11 फरवरी की सुबह मामा देवीशंकर रिश्तेदार की गमी में शामिल होने बाइक से भवानीमंडी से कोटा आ रहे थे। बाइक पर नानी काली बाई बैठी हुई थी। मोड़क ब्रिज पर कट के पास अचानक से नानी बाइक से गिर गई। उसके सिर पर चोट लगी। नानी को इलाज के लिए झालावाड़ हॉस्पिटल लेकर गए। जहां प्राथमिक इलाज के बाद कोटा रेफर किया। नानी का पिछले 12 दिन से निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। उनके सिर का ऑपरेशन भी हुआ। सोमवार को उन्हें न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया। नानी ऑक्सीजन सपोर्ट पर थी। आज सुबह 9 बजे करीब नानी ने दम तोड़ दिया। मोड़क थाना ASI लखन लाल ने बताया की काली बाई अपने बेटे के साथ बाइक पर बैठकर कोटा आ रही थी। परिजनों ने बताया की मोड़क बायपास पर काली बाई को चक्कर आ गए, और वो बाइक से गिर गई। उसका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। आज सुबह उसकी मौत हो गई। परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते। लिखित में देने पर बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया।
