जलदाय विभाग में शराब पीते हुए विभाग के SE ने अकाउंटेंट, एक कर्मचारी और 2 ठेकेदारों को पकड़ लिया। मौके पर पुलिस बुलाई और पूरे PHED परिसर की जांच कर शराब की बोतलें और गिलास ढूंढ कर दिखाए। SE का दावा था कि चारों ने शराब पी है और उनके आते ही बोतल बाहर फेंक दी। इधर पुलिस ने जब अकाउंटेंट को ले जाकर शराब की जांच करवाई। जांच में शराब की मात्रा नहीं पाई गई। इसके बाद अकाउंटेंट समेत अन्य के खिलाफ राजतालाब थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। मामला बांसवाड़ा के राजातालाब थाना इलाके के जलदाय विभाग (PHED) के एक्सईएन ऑफिस का रविवार का है। 2 कर्मचारी ठेकेदार पी रहे थे शराब PHED एसई जेके चारण ने बताया- लंबे समय से शिकायतें आ रहीं थी। मैं खुद वहां कई दिनों से वहां नजर रख रहा था। ऐसे में, कार्यालय में जाने वाले मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगवाया था। जिससे छुट्टी के दिन कार्यालय में कोई वाहन अंदर जाने या अन्य हलचल होने पर मोबाइल पर सीसीटीवी में दिख जाता। यहां अकाउंटेंट नरेश यादव, ऑफिस में कार्यरत गौतम सोनी, ठेकेदार रवि और कोनी शामिल थे। एसई चारण ने बताया- पुलिस को सूचना देकर खुद ऑफिस में छापा मारा। छापा लेखा शाखा में मारा। चार्जशीट भेजी जाएगी अकाउंटेंट गौतम कुमार और 2 अन्य लोग मौके से भाग निकले। एसई ने नरेश यादव को पकड़ लिया। एसई चारण ने कहा- दुराचरण का गंभीर मामला है। विभाग के दोनों कर्मचारियों लेखाधिकारी नरेश यादव ओर गौतम कुमार के खिलाफ दुराचरण की श्रेणी में चार्जशीट भेजी जाएगी। बोले- कहां है बोतल निकाल SE ने कमरे में घुसते ही अकाउंट से पूछा- बोतल कहां है निकाल, यहां क्या कर रहे थे। इस पर अकाउंटेंट कहता है- नहीं सर यही बैठे थे। SE कहते हैं- जा कहां रहा है यही रुक इस पर अकाउंटेंट कहता है- सर कहीं नहीं जा रहा यही हूं। राजतालाब थानाधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया- एसई जेके चारण की रिपोर्ट पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए कार्मिक नरेश यादव को थाने ले गई। शराब टेस्ट करवाने वाली मशीन से जांच की तो मात्रा नहीं आई। उसे पाबंद करवाकर फिलहाल छोड़ दिया है।
