श्रीगंगानगर के अूनपगढ़ के 19 वर्षीय एथलीट बसंत कुमार मेघवाल ने पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में 2.21 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता है। उन्होंने यह उपलब्धि अमेरिका के ओरेगन स्थित यूजीन में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स U-20 चैंपियनशिप में हासिल की है। इसके साथ ही वह किसी भी आयु वर्ग की वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हाई जंप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। 2.21 मीटर पर बराबरी, काउंटबैक से तय हुआ सिल्वर पुरुषों की हाई जंप का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। बसंत ने पहले प्रयास में 2.06 मीटर और दूसरे प्रयास में 2.12 मीटर की ऊंचाई पार की। इसके बाद उन्होंने 2.17 मीटर को भी पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक पार कर लिया। निर्णायक ऊंचाई 2.21 मीटर रही। बसंत ने इसे दूसरे प्रयास में पार कर अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी की। इस ऊंचाई तक तीनों शीर्ष खिलाड़ियों ने पहुंच बनाई, लेकिन 2.24 मीटर कोई भी खिलाड़ी पार नहीं कर सका। इसके बाद पदक का फैसला वर्ल्ड एथलेटिक्स के काउंटबैक नियम से हुआ। 2.21 मीटर को अल्जीरिया के युनेस अयाची ने पहले प्रयास में पार किया था, इसलिए उन्हें गोल्ड मिला। बसंत ने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की और सिल्वर जीता। ग्रेट ब्रिटेन के ओटिस पूल ने तीसरे प्रयास में 2.21 मीटर पार किया, जिससे उन्हें ब्रॉन्ज मिला। गोल्ड: युनेस अयाची, अल्जीरिया — 2.21 मीटर
सिल्वर: बसंत कुमार मेघवाल, भारत — 2.21 मीटर
ब्रॉन्ज: ओटिस पूल, ग्रेट ब्रिटेन — 2.21 मीटर एक सीजन में 10 सेंटीमीटर सुधारा प्रदर्शन बसंत कुमार मेघवाल की इस सफलता के पीछे पूर्व भारतीय महिला हाई जंप राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक सहाना कुमारी का मार्गदर्शन भी अहम रहा। उनके प्रशिक्षण में बसंत ने एक ही सीजन में अपने प्रदर्शन में करीब 10 सेंटीमीटर का सुधार किया। उनका व्यक्तिगत रिकॉर्ड पहले 2.11 मीटर था, जिसे उन्होंने बढ़ाकर 2.21 मीटर कर दिया। इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। भारतीय नौसेना में पेटी ऑफिसर हैं बसंत 19 वर्षीय बसंत कुमार मेघवाल राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ के रहने वाले हैं। वह भारतीय नौसेना में पेटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। खेल और सेवा, दोनों क्षेत्रों में उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। एशियन U-20 में भी जीता था गोल्ड वर्ल्ड U-20 चैंपियनशिप से पहले बसंत ने एशियन U-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया था। हॉन्ग कॉन्ग में आयोजित 22वीं एशियन U-20 चैंपियनशिप में उन्होंने 2.20 मीटर की छलांग लगाकर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था। इससे पहले अप्रैल में बेंगलुरु में आयोजित जूनियर फेडरेशन कप में भी बसंत ने 2.21 मीटर की छलांग लगाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वर्ल्ड U-20 में भारत के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शन यूजीन में वर्ल्ड एथलेटिक्स U-20 चैंपियनशिप में बसंत के सिल्वर के साथ भारत के प्रदर्शन को भी मजबूती मिली। हाई जंप में ऐतिहासिक रजत पदक जीतकर बसंत ने भारतीय एथलेटिक्स के लिए नया अध्याय जोड़ दिया। यूनिवर्सिटी ऑफ ओरेगॉन के हेवर्ड फील्ड में प्रतियोगिता का आयोजन अमेरिका के ओरेगॉन राज्य के यूजीन शहर में वर्ल्ड एथलेटिक्स यू-20 चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 5 से 9 अगस्त 2026 तक यूनिवर्सिटी ऑफ़ ओरेगॉन के हेवर्ड फील्ड में हुआ। इस वैश्विक प्रतियोगिता में दुनिया भर के 16 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 1,800 से अधिक युवा एथलीट ने हिस्सा लिया। … यह खबर भी पढ़ें ‘गोल्डन गर्ल’ अरुंधति चौधरी बोलीं- सपनों के लिए लड़ो:365 दिन मेहनत करते हैं, बुखार से फर्क नहीं पड़ता; कॉमनवेल्थ में बॉक्सिंग में जीता गोल्ड

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कोटा की अरुंधति चौधरी ने बॉक्सिंग के 70 किलोग्राम वेट कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता है। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में अरुंधति ने फाइनल में इंग्लैंड की खिलाड़ी चैंटेल रीड को हराया। (पढ़ें पूरी खबर)