बरनाला के सिविल अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड की तीसरी मंजिल से एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। शव की दुर्गंध पूरे वार्ड में फैलने के बाद यह मामला सामने आया, जिससे अस्पताल स्टाफ और मरीजों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सिटी पुलिस स्टेशन-1 के थानेदार सुखविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि युवक की मौत कई दिन पहले हुई थी। मृतक की नहीं हुई पहचान मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि युवक अस्पताल की तीसरी मंजिल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। इस संबंध में अस्पताल परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि कई दिनों तक दुर्गंध फैलने के बावजूद किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया, जो गंभीर लापरवाही का मामला है। थानेदार सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।