पंजाब की बरनाला पुलिस ने हवाई फायरिंग करने के आरोप में 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को तेजधार हथियारों और गाड़ियों सहित काबू किया गया। पुलिस ने कुल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिनमें से दो अभी फरार हैं। पुलिस स्टेशन सिटी वन के एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में हरचरण दास (डेरा पंजबीड़ी), विक्रमजीत उर्फ विक्की (नाईवाल), नंद किशोर (रामबाग रोड), अजेय सिंह (सेखा रोड), सोनू (तर्कशील चौक), संजय कुमार (कुष्ठ आश्रम), गौरव गर्ग (गोबिंद कॉलोनी), सुखविंदर सिंह (बस स्टैंड), निलइंदर (जूतियां वाला मोर्चा) और हैप्पी सिंह (बाजाखाना रोड) को गिरफ्तार किया गया है। उधम सिंह (शहीद भगत सिंह नगर) और राज कुमार (कित्तु की कोठी) पर भी मामला दर्ज किया गया है, जो अभी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसएचओ लखविंदर सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ये आरोपी बरनाला के जीरो पॉइंट से खेतों में जाने वाले रास्ते पर बैठकर अवैध हथियारों से हवाई फायरिंग कर रहे थे। उनके पास अन्य तेजधार हथियार और गाड़ियां भी थीं। आरोपियों को तेजधार हथियारों और गाड़ियों सहित मौके से गिरफ्तार किया।
