पंजाब के बरनाला में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न हथियारों के साथ वीडियो बनाकर धमकियां देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस स्टेशन सहना के एसएचओ गुरमंदर सिंह ने बताया कि गुरप्रीत सिंह निवासी दराका पत्ती मोड नाभा के बयान पर जगसीर सिंह निवासी गांव मोड नाभा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गुरप्रीत सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि, उनका बेटा गुरनूर सिंह अपने दो अन्य बच्चों के साथ जगसीर सिंह के अमरूद के बाग में गया था। वहां जगसीर सिंह ने बच्चों का वीडियो बनाकर विभिन्न ग्रुपों में डाल दिया। इसके अतिरिक्त, जगसीर सिंह ने अपने फोन पर अलग-अलग आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट किए और धमकियां दीं। पुलिस ने जगसीर सिंह पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।