बरनाला मोगा रोड पर स्थित गांव टल्लेवाल के पास से गुजर रही सरहिंद नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। यह शव नहर पर बने बिजली प्लांट के जाल में फंसा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। शव की पहचान नहीं हो पाई है। सहारा समाज सेवा के प्रधान संदीप वर्मा ने बताया कि सहारा कंट्रोल रूम को थाना टल्लेवाल के पुलिस कर्मचारी से सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सहारा समाज सेवा के उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह काला, सदस्य सुखचैन सिंह सुखा, गुरतेज सिंह काला, हरजीवन सिंह, जगतार सिंह तारी और प्रदीप शर्मा एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थाना टल्लेवाल की पुलिस पहले से ही मौके पर मौजूद थी।
कुर्ता पायजामा और भूरे रंग की कोटी पहने है पुलिस की मौजूदगी में शव को नहर से बाहर निकाला गया। शव के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। पानी में रहने के कारण शव के दोनों हाथ, पैर और मुंह गल चुके थे, जिससे यह लगभग बीस से पच्चीस दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक का कद लगभग पांच फुट चार इंच है। उसने सुरमई रंग का कुर्ता-पायजामा और भूरे रंग की वी आकार वाली कोटी पहनी हुई थी। मृतक की उम्र लगभग चालीस से पैंतालीस वर्ष आंकी जा रही है। 72 घंटे मोर्चरी में रहेगा शव शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए पुलिस की निगरानी में 72 घंटों के लिए नागरिक अस्पताल बरनाला के शवगृह में रखा गया है। यदि किसी व्यक्ति को इस शव के बारे में कोई जानकारी हो तो वह थाना टल्लेवाल या सहारा समाज सेवा से संपर्क कर सकता है।
