बरनाला जिले के महलकलां क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्टेशन महलकलां के एसएचओ सरबजीत सिंह के अनुसार, यह मामला धनेर निवासी अमरजीत कौर के बयान पर दर्ज किया गया है। अमरजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति रणजीत सिंह किसी घरेलू काम के सिलसिले में महलकलां गए हुए थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी सतनाम सिंह उर्फ सत्ता का फोन आया, जिसमें उन्होंने रणजीत सिंह के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य तुरंत सिविल अस्पताल महलकलां पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने रणजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
