बरनाला जिले के गांव सेखा में महिला और उसके दो बच्चों के लापता हो गए थे। पुलिस को सरहिंद नहर में महिला और उसकी बेटी के शव मिलने की सूचना है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम और पहचान की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार गांव सेखा निवासी 45 वर्षीय कर्मजीत कौर अपने बेटे और बेटी के साथ कुछ दिनों पहले रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने गांव में दूध का कारोबार करने वाले कुलवंत सिंह के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित डीएसपी सिटी सतवीर सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें रंजिश या निजी विवाद की संभावना भी जांच में शामिल है। नहर में मां और बेटी का शव मिला थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने पुष्टि की कि सरहिंद नहर में एक महिला और उसकी बेटी के शव मिले हैं। पुलिस टीम कल मौके पर पहुंचकर शवों की पहचान प्रक्रिया और पोस्टमॉर्टम के आधार पर अगला कदम तय करेगी। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी कुलवंत सिंह और कर्मजीत कौर के बीच पहले से जान-पहचान थी। पुलिस इस संबंध को भी गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है।