बरनाला जिले के तपा में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 250 नशीली गोलियां बरामद करते हुए एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस स्टेशन तपा के एसएचओ शरीफ खान ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, प्यारा लाल बस्ती ढिलवा रोड तपा निवासी सूरज कुमार उर्फ अंडा और सुखा, जो नशे के आदी हैं, बाहर से सस्ती नशीली गोलियां लाकर आगे सप्लाई करते थे। ये दोनों आरोपी गुरु गोबिंद सिंह नगर ढिलवा रोड तपा के निवासी संदीप सिंह उर्फ टिंडा को नशीली गोलियां बेचते थे। चेकिंग के दौरान दोनों आरोपी गिरफ्तार इस सूचना के आधार पर, पुलिस ने दाना मंडी ताजो रोड तपा के आसपास विशेष नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सूरज कुमार और सुखा को 250 खुली नशीली गोलियों के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस नशा सप्लाई की पूरी चेन को खंगालने में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
