बरनाला-धनौला रोड पर मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टायर फटने से अनियंत्रित हुई एक तेज रफ्तार कार दूसरी गाड़ी से टकरा गई, जिसमें दो अन्य युवक और एक दंपति भी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर धनौला की ओर से आ रही एक अल्टो कार का अचानक टायर फट गया। इसके बाद कार बेकाबू होकर सामने से आ रही एक अन्य गाड़ी से जा टकराई। दंपती भी हुए घायल हादसे में अल्टो कार में सवार पांच दोस्तों में से रोहित, तजिंदर और यतिन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विशाल और अर्शदीप गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सामने वाली गाड़ी में सवार पति-पत्नी को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही थाना सदर बरनाला की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी जगजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना टायर फटने के कारण हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बरनाला-धनौला रोड पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और स्थिति को सामान्य किया।