बरनाला के गांव बड़बर के पास हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब बाइक सवार तीन युवक बड़बर पॉलिटेक्निक कॉलेज से धनौला की ओर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, युवकों की बाइक के आगे चल रही रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण यह हादसा हुआ। इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम हादसे में गिल नगर गली नंबर 17, बरनाला निवासी करिश शर्मा (18 वर्ष) पुत्र दीपक शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार अन्य दो युवकों में खुशप्रीत सिंह (17 वर्ष) निवासी ठुलीवाल, और एक अज्ञात युवक शामिल हैं। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें स्थानीय सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।