बरनाला पुलिस ने शोहरत और सुरक्षा पाने के लिए फर्जी फिरौती कॉल का ड्रामा रचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बिना लाइसेंस वाली 315 बोर की पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक इटियोस गाड़ी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। बरनाला के एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि रामबाग रोड निवासी शिवम मित्तल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसे फिरौती के लिए धमकी दी है। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि शिवम मित्तल और उसके साथियों ने शोहरत हासिल करने और सुरक्षा पाने के लिए यह पूरा ड्रामा रचा था। खुद रची थी साजिश, जिससे मिले शोहरत इसके बाद एसपी अशोक शर्मा और सीआईए स्टाफ इंचार्ज बलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाया। सामने आया कि शिव मित्तल का ठीकरीवाला रोड पर ईंट का भट्ठा है। उसने सुरक्षा पाने और शोहरत पाने के लिए नकली फिरौती और धमकी की साजिश रची थी। इसके तहत नकली हमला करने का भी प्लान था। नकली हमला करने की भी थी साजिश पुलिस ने शिवम मित्तल, उसके गाड़ी ड्राइवर परमजीत सिंह, दोस्त गुरप्रीत सिंह, कुलवंत राय और कमलप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने व्हाट्सएप पर धमकियां भेजकर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी और शिवम मित्तल पर नकली हमला करने की भी योजना बनाई थी।
