बरनाला पुलिस ने नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो नौकरी का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से पैसे वसूलते थे। एसएसपी बरनाला मुहम्मद सरफराज आलम के निर्देशों पर एंटी-सोशल एलिमेंट्स के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धनौला थाने की पुलिस पार्टी को यह सफलता मिली। धनौला थाने के एएसआई सेवा सिंह ने बताया कि पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग पुलिस की वर्दी पहनकर भोले-भाले लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस पार्टी ने रेड की और एक इनोवा कार में वर्दी पहने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान संदीप कुमार (पुत्र अजय कुमार, निवासी चक महंता वाला, फिरोजपुर), अजय (पुत्र अशोक कुमार, निवासी मुनके उत्ताड, फिरोजपुर) और गुरप्रीत सिंह (पुत्र बलकार सिंह, निवासी मुनके उताड, फिरोजपुर) के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी पंजाब पुलिस की नकली वर्दी और नकली आईडी कार्ड का इस्तेमाल कर विभिन्न जिलों में लोगों को धमकाकर पैसे वसूलते थे। पुलिस ने मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक इनोवा कार, पुलिस की वर्दी, पगड़ी और खाकी बूट बरामद किए गए हैं। धनौला पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्हें माननीय कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एसएसपी आलम ने कहा कि पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के धोखेबाजों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।