कोटा शहर के नान्ता थाना क्षेत्र स्थित मोहनलाल सुखाड़िया आवास योजना इलाके में देर रात बदमाशों द्वारा हमला और तोड़फोड़ करने की घटना सामने आई है। पीड़ित आशिक हुसैन ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह अपने घर पर रात करीब एक बजे सो रहा था, तभी बाहर वाहनों के टूटने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह बाहर देखने गया तो कुछ युवक घर के बाहर खड़े ऑटो और अन्य वाहनों में तोड़फोड़ कर रहे थे। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों में शामिल गप्पू नाम के युवक ने उस पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में चोट आई, जबकि साहिल नाम के युवक ने सरिये से कमर पर वार किया। हमले के बाद बदमाशों ने वहां खड़े बजाज ऑटो सहित आसपास के अन्य वाहनों के कांच तोड़ दिए। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा एक बोतल में पेट्रोल भरकर घर के बाहर फेंक दिया गया, जिससे आसपास आग लगने जैसी स्थिति बन गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर नान्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए हॉस्पिटल भेजा गया। डीएसपी महेश गुर्जर ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
