दौसा में पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने और पुलिसवालों को कुचलने की कोशिश करने वाले 2 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने जयपुर जिले के बीलवा गांव में एक मकान में दबिश दी तो दोनों महिला के कपड़े पहनकर छुपे थे। पुलिस दोनों को पकड़कर दौसा लाई और महिलाओं के कपड़े में ही गांव में घुमाया। दोनों बदमाश हाथ जोड़कर चल रहे थे। इस दौरान दोनों कह रहे थे- हमने पुलिस वालों को छेड़ा था और मारने का प्रयास किया था। आगे से ऐसा नहीं करेंगे। साथ ही बदमाश कह रहे थे- कोई भी ऐसा न करें, नहीं तो जो आज हम भुगत रहे हैं, ऐसा ही भुगतना पड़ेगा। पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने की घटना मेहंदीपुर थाना इलाके का है। वारदात के बाद से दोनों फरार थे। सबसे पहले देखिए- आरोपियों की परेड की 3 PHOTOS… होटल संचालक से झगड़ा कर रहे थे बदमाश
SHO सुरेश कुमार ने बताया- 3 अक्टूबर की रात को मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-21 पर खेड़ा पहाड़पुर गांव के पास राहुल मीणा निवासी करोड़ी (दौसा) और संजय मीणा निवासी लोटवाड़ा (दौसा) और दिलखुश उर्फ डीके निवासी दांतली (दौसा) एक होटल संचालक से झगड़ा कर रहे थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तब तक तीनों बदमाश वहां से फरार हो गए। कुछ देर बाद बदमाश थार गाड़ी में लौटकर आए और पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने और पुलिसवालों को कुचलने की कोशिश की। इसके बाद गाड़ी लेकर फरार हो गए। SHO ने बताया- जांच करते हुए रविवार को पुलिस टीम जयपुर के बीलवा गांव पहुंची और एक मकान में दबिश दी। यहां से संजय और राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके साथ दिलखुश की तलाश जारी है। महिला बनकर मकान में बैठे थे दोनों बदमाश
सुरेश कुमार ने बताया- डीएसटी की टीम जब बीलवा गांव पहुंची तो राहुल और संजय पुलिस से बचने के लिए भेष बदलकर बैठे थे। दोनों ने सलवार सूट (महिलाओं के कपड़े) पहन रखे थे। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर दौसा लाई और खेड़ा पहाड़पुर गांव में दोनों की परेड करवाई गई। दोनों को महिलाओं के कपड़ों में ही गांव में घुमाया गया। हमने पुलिस वालों को मारने की कोशिश की थी
पुलिस ने जब इन बदमाशों को गांव में घुमाया तो आरोपी हाथ जोड़कर चल रहे थे। आरोपियों ने कहा- हमने पुलिस वाले सर को छेड़ा था। हमने उनको मारने का प्रयास किया। आगे से ऐसा नहीं होगा। कोई भी ऐसा न करें, वरना जो आज हम भुगत रहे हैं, ऐसा ही भुगतना पड़ेगा। एक बदमाश के खिलाफ 3 थानों में 4 मामले दर्ज
बदमाश राहुल मीणा पर पहले से 3 थानों में 4 मामले दर्ज हैं। इसमें बांदीकुई में चोरी किडनैपिंग और मारपीट का 1 मामला दर्ज है। मेहंदीपुर बालाजी थाने में जानलेवा हमले और किडनैपिंग के 2 मामले दर्ज है। वहीं रामगढ़ पचवारा में भी 1 मामला दर्ज है। बदमाशों के जुलूस से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… सिर मुंडवाकर महिलाओं के कपड़ों में निकाला जुलूस:सीकर में सांड को बोलेरो से कुचलकर मारा था, पुलिस से बचने के लिए भेष बदला सीकर में जानबूझकर बोलेरो से कुचलकर सांड को मारने वाले युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों युवक पुलिस से बचने के लिए महिलाओं के कपड़े पहनकर खेत में छुपे हुए थे। (पढ़ें पूरी खबर)