बठिंडा के पूर्व पार्षद विजय कुमार शर्मा के बढ़ती सब्जियों की कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान आज सब्जी मंडी में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। विजय कुमार जब प्रदर्शन कर रहे थे, तभी सब्जी बेचने वाले आढ़तियों से उनकी बहस हो गई। पूर्व पार्षद अपने साथियों के साथ सब्जी मंडी को फिर से चालू करने के विरोध में पहुंचे थे। इससे पहले भी विजय कुमार ने सब्जियों की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया था, जिसके बाद मंडी को फिर से चालू करने की घोषणा की गई थी। प्रदर्शन में हुआ तनाव, पुलिस ने किया हस्तक्षेप विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन तनाव बना रहा। इस पूरे मामले पर मार्केट कमेटी के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बचते नजर आए। किसानों को उपज का सही दाम नहीं मिल रहाः पूर्व पार्षद पूर्व पार्षद विजय कुमार ने सरकारों और प्रशासन की लापरवाही को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि आम और गरीब लोगों को लूटा जा रहा है, जबकि किसानों को भी उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। विजय कुमार ने कहा कि कोरोना काल में भी सब्जियों के दाम तय किए गए थे, लेकिन अब सरकार और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। दूसरी ओर, सब्जी व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र पाल ने इन आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी केवल कुछ कमीशन पर काम करते हैं और इसमें लूट का कोई सवाल ही नहीं उठता।
