बठिंडा में युवा वकील और कांग्रेस नेता दविंदर नट ने बीते रविवार अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने एक बिल्डर और उसके बेटों पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। इस मामले में परिवार ने दोषियों की गिरफ्तारी तक शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार न करने का फैसला किया है। मृतक दविंदर नट ने अपने वीडियो में बिल्डर प्रीतम मित्तल और उनके बेटों भारत मित्तल पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि इन लोगों ने उनके साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है, जिसके कारण वे यह कदम उठाने को मजबूर हुए। मृतक की मां बोली- गिरफ्तारी तक नहीं होगा पोस्टमार्टम दविंदर नट की मां परमिंदर कौर ने स्पष्ट किया है कि जब तक आरोपी बिल्डर और उसके बेटों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता, तब तक उनके बेटे का न तो पोस्टमार्टम कराया जाएगा और न ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार न्याय मिलने तक अपने फैसले पर अडिग है। मृतक के चचेरे भाई टफी ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में केवल कुछ स्थानीय नेता ही परिवार के साथ खड़े हुए हैं, जबकि बड़े राजनीतिक नेताओं की अनुपस्थिति निराशाजनक है। टफी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन उन पर अंतिम संस्कार जल्द करवाने का दबाव डाल रहा है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर में बिल्डर बिंदर मित्तल और उनके बेटों प्रीतम मित्तल और भारत मित्तल को नामजद किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
