पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बठिंडा का दौरा किया। उन्होंने कोठे लाल सिंह गांव पहुंचकर ओलावृष्टि से खराब हुई गेहूं की फसल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार से किसानों को जल्द मुआवजा जारी करने की मांग की। राजावड़िंग ने बताया कि पंजाब, विशेषकर इस क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि के कारण किसानों की गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि आज विभिन्न गांवों में किसानों से बातचीत कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने स्थिति को देखते हुए कहा कि गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है, जिससे अब भूसा भी नहीं निकाला जा सकता। राजा वड़िंग बोले- किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाए राजा वड़िंग ने बठिंडा प्रशासन से भी बात की और मांग की कि सबसे पहले खराब हुई गेहूं की फसल के लिए सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद सरकार को किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए। राजावड़िंग ने चेतावनी दी कि यदि सरकार कोई समाधान नहीं निकाल पाती है, तो कांग्रेस पार्टी पूरे नेतृत्व के साथ चर्चा कर ‘बंद’ का आह्वान करेगी और किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए संघर्ष करेगी। महिला आरक्षण बिल पर विचार-विमर्श होनी चाहिए – सांसद वड़िंग सांसद अमरिंदर सिंह राजावड़िंग ने आगामी लोकसभा सत्र (16, 17 और 18 तारीख) में महिला आरक्षण बिल पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इस बिल पर किस प्रकार चर्चा होगी, यह एक बड़ा सवाल है। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी विपक्षी दलों से इस पर विचार-विमर्श और बहस होनी चाहिए। राजावड़िंग ने याद दिलाया कि यह बिल सबसे पहले सोनिया गांधी लेकर आई थीं और पहली बार इसका मसौदा तैयार हुआ था। उन्होंने बिल के लागू होने के तरीके पर सवाल उठाया कि क्या यह पहले राज्यों में लागू होगा या 2029 के चुनावों में। उन्होंने 33 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व का समर्थन किया और कहा कि महिलाओं का आज के समय में पूरा योगदान है और वे किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने जोर दिया कि इसे लोकतांत्रिक तरीके से अपनाया जाना चाहिए, न कि अपनी मर्जी से।
