स्थानीय बीड़ तालाब चिड़ियाघर के पास एक खाली प्लॉट में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिला है। यह प्लॉट शराब के ठेके के सामने स्थित है। सूचना मिलने पर सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम, जिसमें संदीप गिल और राजेंद्र कुमार शामिल थे, एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने तुरंत थाना सदर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। शव के पास ही एक मोटरसाइकिल खड़ी मिली। सहारा टीम ने युवक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया सहारा जन सेवा टीम ने मृतक की शिनाख्त के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस की कार्रवाई के बाद, सहारा टीम ने युवक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। सहारा अध्यक्ष गौतम गोयल ने बताया कि नवयुवक की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हुई प्रतीत होती है और सहारा द्वारा उसकी पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस कर रही मामले की जांच दूसरी ओर, थाना सदर प्रभारी जसविंदर सिंह ने पुष्टि की कि उन्हें भी घटना की सूचना मिली थी और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और न ही उसके पास से कोई महत्वपूर्ण वस्तु मिली है। शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है और पहचान के लिए इश्तिहार भी जारी किए गए हैं। पहचान होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।