बठिंडा के गोनियाना रोड पर विश्वकर्मा मंदिर के पास सड़क पार कर रही एक 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। महिला की पहचान हरभजन कौर पत्नी ज्ञान सिंह, निवासी आदर्श नगर, गली नंबर 9/15 के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग महिला दूसरी कार के बोनट पर जा गिरी। घटना की सूचना मिलने पर समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा के स्वयंसेवक राजविंदर धालीवाल और जगदीप एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के बेटे ने दर्ज कराया केस थाना थर्मल के अधिकारी इकबाल सिंह ने बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर जांच पड़ताल की गई और परिवार के सदस्यों को बुलाया गया। मृतक महिला के बेटे दीप सिंह ने अपने बयान में बताया कि उनकी मां गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए घर से निकली थीं। पुलिस ने दीप सिंह के बयान के आधार पर धारा 194 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया।