बठिंडा केंद्रीय जेल में कैदियों के बीच पुराने विवाद को लेकर झड़प हो गई, कई कैदी घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब आपराधिक मामलों में बंद चार कैदी, गुरप्रीत सिंह, अनूप, गुरप्रीत और साजन आपस में भिड़ गए। उन्होंने कुर्सियों, डंडों और अन्य उपलब्ध सामान का इस्तेमाल कर एक-दूसरे पर हमला किया। जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई कैदी गंभीर रूप से घायल हो गए। बैरक में जमा हो गए कैदी झगड़े की खबर फैलते ही अन्य बैरकों के कैदी भी मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जेल सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे और झगड़ रहे कैदियों को काबू किया। सभी घायल कैदियों को तुरंत सिविल अस्पताल बठिंडा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जेल प्रशासन ने इस मामले की रिपोर्ट सीनियर अधिकारियों को सौंप दी है। कड़ी कार्रवाई की जाएगी- डीएसपी डीएसपी सिटी सरबजीत सिंह बराड़ ने बताया कि घायल कैदियों का इलाज चल रहा है। उनके बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल कैदियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी।