राजस्थान क्राइम फाइल्स में आज चूरू का 3 साल पुराना केस। 3 अगस्त 2022 को सुबह दस बजे अरमान हर रोज की तरह अपनी बहन से मिलने उसके घर गया। गेट बंद था। आवाज लगाने पर भी किसी ने नहीं खोला। न ही अंदर से कोई आवाज आई। एक बार तो ऐसा लगा कि घर में कोई नहीं है, फिर गौर किया तो गेट के ताला नहीं था। मतलब गेट अंदर से बंद था। शव पर चींटियां चल रही थीं अरमान को लगा कुछ गड़बड़ है। वह मकान के पीछे के गेट की ओर बढ़ा। घर के पीछे का गेट खुला हुआ था। अरमान देरी न करते हुए तेजी से आगे बढ़ा। घर के अंदर जाते ही अरमान की आंखों के सामने उसकी बहन का शव पड़ा था। बहन शाहीन को फर्श पर पड़ा देख अरमान पहले तो कुछ समझ नहीं पाया। खुद को संभालते हुए अरमान ने शाहीन को देखा। शाहीन के गले में चुन्नी लिपटी हुई थी। आसपास छटपटाहट के निशान थे। शव पर चींटियां चल रही थीं। पति और उसके परिवार वालों पर दहेज हत्या का मुकदमा अरमान दौड़कर गया और घरवालों को बुलाकर लाया। इस बीच पुलिस को भी सूचना दे दी गई। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पहुंचते ही एफएसएल को मौके पर बुलाया और सबूत जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। शाहीन के परिवार वालों ने उसी दिन पुलिस में एफआईआर दर्ज कराते हुए उसके पति आदिल और ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने इस दिशा में इन्वेस्टिगेशन शुरू किया। घर से भाग कर लव मैरिज की थी जांच में सामने आया कि आदिल और शाहीन एक-दूसरे से प्यार करते थे। दोनों के घरवाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। ऐसे में दोनों घर से भाग गए। 26 नवंबर 2015 को लव मैरिज कर ली। शादी के बाद दोनों के एक बेटा हुआ। कुछ साल बाद शाहीन और आदिल में अनबन शुरू हो गई। एक-दो बार मामला पुलिस तक भी पहुंचा। शाहीन के परिवार का आरोप था कि उसे दहेज के लिए भी परेशान किया जाता था। शाहीन ने आदिल के खिलाफ प्रताड़ना के मामले दर्ज कराए। बाद में समझौता हो गया। दोनों फिर साथ रहने लगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए परिवार वालों के साथ ही आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की। जांच की तो सामने आया कि पुलिस के पास भी पहले शिकायतें पहुंची थीं। हर बार समझौता हो जाता और शाहीन राजीखुशी आदिल के साथ ससुराल लौट जाती। कुछ समय बाद तो आदिल और शाहीन अलग घर लेकर रहने लगे। अब तक की जांच में ये साफ हो गया था कि मामला दहेज हत्या का नहीं था। ऐसे में सवाल था कि हत्या किसने की और क्यों? कल राजस्थान क्राइम फाइल्स के पार्ट-2 में पढ़िए आगे की कहानी…

You missed