फ्री समोसे नहीं देने पर दो बदमाशों ने मां-बेटे की पिटाई कर दी। बदमाशों ने बेटे को बीच सड़क जमीन पर पटक दिया और थप्पड़-घूंसों से पीटा। मां-बेटे के बाल पकड़ कर भी खींचे। मामला 28 सितंबर (रविवार) सुबह 11:30 बजे चूरू बाईपास इलाके का है। इसका अब वीडियो सामने आया है। इस हमले में मां-बेटे घायल हो गए। बेटे का हाथ तोड़ दिया, जबकि मां का सिर फोड़ दिया। कोतवाली थाना के हेड कॉन्स्टेबल बंशीलाल ने बताया- पीड़ित श्रवण कुमार (37) ने FIR दर्ज करवाई है। मारपीट के वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पहले देखिए, मारपीट की 3 PHOTOS… नशे में धमकाया, फिर हमला कर दिया
पीड़ित श्रवण कुमार ने बताया कि मैं गुसाई मिष्ठान भण्डार के पास ठेला (रेहड़ी) लगाता हूं। 28 सितंबर को सुबह करीब 11.30 बजे विजय सिंह और एक अन्य युवक मेरे ठेले पर आए। यहां उन्होंने फ्री में समोसे देने की बात कही। विजय सिंह ने पहले धमकाते हुए कहा कि हम यहां के गुंडे हैं। समोसा फ्री में देना होगा। मैंने मना कर दिया। इस पर विजय सिंह और उसके साथी ने मुझे धमकाया। कहा- यदि फ्री में समोसे नहीं देगा तो तेरे साथ मारपीट करेंगे। श्रवण ने बताया- दोनों नशे में थे। जब मैंने समोसे के पैसे मांगे तो दोनों ने मुझ पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने मेरी मां संतोष (55) भी आ गई। दोनों बदमाशों ने मुझे और मां को बुरी तरह से पीटा। बेटे का हाथ तोड़ा, मां का सिर फोड़ा
श्रवण ने बताया- दोनों बदमाशों ने मारपीट के साथ गाली-गलौज भी की। बदमाशों ने मेरा हाथ तोड़ दिया। मां के सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गईं। बदमाशों ने ठेले पर रखा पूरा सामान भी बिखेर दिया था।
