बालोतरा के इंडस्ट्रियल एरिया में कपड़ा फैक्ट्री में स्लज टैंक की सफाई करने उतरे जीजा-साले समेत 3 लोगों की मौत हो गई। जहरीली गैस के कारण तीनों मजदूर बेहोश हो गए थे। साथी मजूदरों ने उनको बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12.30 बजे लालजी वाला मिल्स (कपड़ा फैक्ट्री) में गुमनाराम (25), विशंभर तिवारी (54) और श्रवण (32) निवासी बालोतरा स्लज टैंक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान टैंक में जहरीली गैस के कारण बेहोश हो गए। साथी मजदूरों ने फैक्ट्री मालिक को सूचना दी और तीनों को टैंक से बाहर निकाला। एंबुलेंस से तीनों को राजकीय नाहटा अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। एसडीएम-डीएसपी पहुंचे जिला अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सूचना पर एसडीएम और डीएसपी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से भी हादसे के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। फैक्ट्री मालिक ने काम पर बुलाया था
श्रवण कुमार के साले मुकेश सिसोदिया ने बताया- मेरे जीजाजी श्रवण कुमार सुबह फैक्ट्री में काम करने आए थे। इस दौरान जहरीली गैस से उनकी तबीयत बिगड़ गई और टांके के अंदर ही गिर गए। उनके साथ मेरे चाचा का लड़का गुमनाराम भी था। इन लोगों को काम करने के लिए फैक्ट्री मालिक ने बुलाया था। हम केवल न्याय की मांग कर रहे हैं। एसडीएम बोले- बिना सेफ्टी उपकरणों के टैंक में उतारा
बालोतरा एसडीएम अशोक कुमार ने बताया- कपड़ा फैक्ट्री में मौका मुआयना किया गया है। शवों को मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया है। जहरीली गैस के कारण इनकी मौत हुई है। देखिए हादसे से जुड़े PHOTOS…
