फिरोजपुर के कस्बा ममदोट के अधीन आते गांव हजारा सिंह वाला से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने है। जहां एक ढोंगी बाबा ने अपने साथियों सहित एक महिला को ठगी का शिकार बनाया है। आरोप लगे हैं कि ढोंगी बाबा ने अपने साथियों सहित महिला से डेढ़ तोला सोना और करीब 50 हजार की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है । बताया गया कि ढोंगी बाबा की टीम में एक महिला भी थी। आरोपियों ने पीडि़त महिला को डेरे का पता पूछने के बहाने रोका। बात करते हुए उसे बस में कर लिया। इसके बाद उससे सोने के जेवर नकदी लेकर फरार हो गए
ममदोट से घर जाते वक्त हुई घटना पीड़ित महिला स्वर्ण कौर ने बताया कि वह ममदोट से वापस घर जा रही थी। रास्ते में वह ढोंगी बाबा अपने साथियों के साथ मिला। उसकी टीम में एक महिला भी थी। वह पहले डेरे के बारे में पूछताछ करने लगा। इसके बाद उसने माला फेरते हुए किसी तरह अपने बस में कर लिया। महिला के मुताबिक ढोंगी बाबा ने उसको कहा कि घर में जो भी सोना नकदी या कीमती सामान पड़ा है, वह सब लाकर उसके हवाले कर दिया जाए। वह उसकी बातों में आ गई और उसे घर में पड़ा डेढ़ तोला सोना और 50 हजार की नदी लाकर उसे दे दी। इसके बाद ढोंगी बाबा और उसके साथी फरार हो गए। जब महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो चुकी है तो उसने पारिवारिक सदस्यों को सारी जानकारी दी । ढोंगी बाबा और उसके साथियों की गिरफ्तारी की मांग उधर गांव के पूर्व सरपंच जागीर सिंह का कहना है कि पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांग की है कि इस ढोंगी बाबा और उसके साथियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए । उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए । साथ ही उन्होंने कहा कि ताकि किसी ओर मासूम परिवार के साथ इस तरह से ठगी ना हो सके । फिलहाल मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों में डर का माहौल है ।
