राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) जिला कोटा शाखा की ओर से धरणीधर गार्डन में फार्मासिस्ट मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा, समारोह अध्यक्ष प्राचार्य मेडिकल कॉलेज कोटा डॉ. संगीता सक्सेना, विशिष्ट अतिथि सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर सहित औषधि नियंत्रण एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा ने नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और फार्मासिस्टों को सेवाभाव व कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। सीएमएचओ डॉ. नागर ने गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएँ आमजन तक पहुंचाने पर बल दिया। वहीं डीसीओ डॉ. संदीप कैले ने निशुल्क दवा योजना में ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट की पालना आवश्यक बताई। जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर प्रसाद खींची ने स्वागत संबोधन में फार्मासिस्टों की समस्याओं से प्रतिनिधियों को अवगत कराते हुए इनके शीघ्र समाधान हेतु मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। समारोह में नवनियुक्त एवं पदोन्नत फार्मासिस्टों का सम्मान किया गया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। प्रदेशभर से पदाधिकारी और सेवारत फार्मासिस्ट सपरिवार शामिल हुए।
