फाजिल्का में शहर की घास मंडी इलाके में एक बुजुर्ग चालक की कार अचानक बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार कार ने पहले एक घोड़ी को टक्कर मारी, फिर कई वाहनों को कुचलते हुए एक दुकान से जा टकराई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन काफी माली नुकसान हुआ है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय दुकानदार राज कुमार ने बताया कि बुजुर्ग चालक से अचानक एक्सीलेटर दब गया, जिससे कार अनियंत्रित हो गई। कार ने उनकी दो बाइक और दुकान के बाहर का हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया। दुकान के बाहर लगी ग्रिल और पत्थर भी टूट गए। मौके पर मौजूद राजू ने बताया कि वह अपनी घोड़ी को आगे कर रहा था, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने घोड़ी और रेहड़े को टक्कर मार दी। घोड़ी को चोटें आई हैं और उसके इलाज के लिए डॉक्टर को बुलाया गया है। एक अन्य पीड़ित सोनू ने बताया कि उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है और उसके पैर में भी चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में तीन से चार वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। कार अंत में एक दुकान में घुसकर रुकी, जिससे अतिरिक्त नुकसान हुआ।
