फाजिल्का में बाढ़ पीड़ितों की राशन से भरी नाव छीनने का मामला सामने आया है। सरहदी इलाके में बाढ़ आई हुई है, जिस वजह से कई गांवों का सड़की संपर्क टूट चुका है और लोग नाव के जरिए रास्ता पार कर रहे हैं। मामला ढाणी सद्दा सिंह से सामने आया है, जहां के लोग अब सदर थाना में पहुंचे है। ग्रामीणों ने कहा कि वह निजी संस्था द्वारा दिया गया राशन नाव पर सवार कर ले जा रहे थेकि रास्ते में गांव के ही अन्य लोगों ने उनसे नाव और राशन छीन लिया। इसको लेकर उनके द्वारा पुलिस में शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। गांव के काला सिंह और प्रकाश सिंह ने बताया कि निजी संस्था द्वारा उन्हें राशन मिला था, जिसे वह प्रशासन द्वारा दी नाव पर लेकर जा रहे थे। रास्ते में अन्य नाव पर आए लोग उनसे राशन से भरी नाव छीन कर ले गए। जिसके बाद वह फाजिल्का के सदर थाना में पुलिस के पास पहुंचे है, जहां उनके द्वारा मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए नाव और राशन वापिस दिलवाने की मांग की जा रही है। राशन श्री गुरुद्वारा साहब में रख दिया-दूसरा पक्ष
जबकि उधर आरोप लगने के बाद दूसरा पक्ष भी कैमरे के सामने आया है, जिसमें सतनाम सिंह ने बताया कि उनके गांव के नाम पर राशन आया था, जिसे वह ले गए है। उसे श्री गुरुद्वारा साहिब में रख दिया गया है और सरपंच के हवाले करते हुए उसकी जिम्मेदारी लगाई गई है कि वह जरूरतमंद लोगों तक यह राशन पहुंचा दे। उधर सदर थाना के एसएचओ हरदेव सिंह बेदी का कहना है कि मामला उनके ध्यान में आने के बाद दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है, जिसमें दोनों पक्षों की सुनवाई करने के बाद फैसला लिया जाएगा।
