फाजिल्का जिले में कई जगह पर धान की पराली को आग लगाई जा रही है। जिसे लेकर प्रशासन द्वारा किसानों से मुलाकात कर उन्हें धान की पराली को न जलाने की अपील की जा रही है। लेकिन इसी बीच प्रशासन द्वारा उक्त लोगों को रोका भी जा रहा है। पराल जलाने की सूचना मिलने पर गांव अराईयांवाला में पहुंची प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को गांव के लोगों ने घेर लिया। प्रशासन की गाड़ी के आगे गांव के लोग बैठ गए। मौके की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। जानकारी के अनुसार पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के अधिकारी गुरप्रीत सिंह का क्लस्टर हेड बनाया गया है। वह अपनी टीम के साथ जलालाबाद के गांव अराईयांवाला में धान की पराली को जलाने से रोकने के लिए गए थे। जैसे ही वह गांव में पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उनका घेराव कर लिया। यहां तक कि लोग उनकी गाड़ी के आगे बैठ गए। वीडियो बनाकर किया वायरल मौके का वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में लोग यह कहते नजर आ रहे हैं कि उन्हें मशीनरी उपलब्ध नहीं करवाई जा रही। जिस वजह से वह धान की पराली को जलाने के लिए मजबूर है, जबकि अधिकारी अपना घेराव होता देख लोगों को यह कहते नजर आए कि वह उन्हें थप्पड़ मार ले, कोई बात नहीं। जिला कृषि अधिकारी हरप्रीत कौर ने बताया कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले पर अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया गया है, क्योंकि फिलहाल मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों को अपील की जा रही है कि धान की पराली को न जलाएं ।
