फाजिल्का विधायक नरेंद्रपाल सवना ने आज नगर कौंसिल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक पार्षदों और अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त होने के बाद आयोजित की गई, जिसमें फाजिल्का के एसडीएम सरदार जुगराज सिंह, ईओ वीर विक्रम धूड़िया और नगर कौंसिल के स्टाफ सदस्य शामिल हुए। विधायक सवना ने बताया कि सरकार ने पहली बार नगर कौंसिल को करोड़ों रुपये का फंड जारी किया है। नगर कौंसिल के फंड से भी पैसा खर्च किया गया है। बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि शहर में किन क्षेत्रों में और फंड लगाने की आवश्यकता है, ताकि सरकार से अतिरिक्त राशि जारी करवाकर विकास को गति दी जा सके। जल्द ही नगर कौंसिल को मिलेगा और फंड उन्होंने जानकारी दी कि शहर के विभिन्न वार्डों में इंटरलॉकिंग सड़कें, पीने के पानी की पाइपलाइन, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट सहित कई विकास कार्य चल रहे हैं। आने वाले दिनों में सरकार नगर कौंसिल को और फंड देने जा रही है। इस फंड को कहाँ और कैसे खर्च किया जाए, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया। सवना ने बताया कि पहले सरकार द्वारा 5 करोड़ 67 लाख रुपये जारी किए गए थे, जिन्हें विभिन्न वार्डों में लगाया जा रहा है। सीवरेज और पानी पर किया जाएगा खर्च विधायक ने कहा कि मलोट रोड, दुर्गा कालोनी, राधा स्वामी कालोनी, माधव नगरी सहित कई इलाकों में सड़कें बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सीवरेज के लिए सरकार ने 8 करोड़, पीने के पानी के लिए 7 करोड़ जारी किए हैं। विधायक ने दावा किया कि पहली बार हुआ है कि सरकार ने नगर कौंसिल में विकास के लिए करोड़ों रुपये जारी किए हैं। इतना ही नहीं, सरकार ने मशीनरी भी उपलब्ध करवाई है, ताकि फाजिल्का शहर का विकास हो सके। विधायक ने कहा कि शहर में 25 वार्डों में से 11 वार्ड ऐसे हैं जहां विकास की बहुत जरूरत थी और वहीं काम किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें भेदभाव वाली कोई बात नहीं है।