फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र के गांव घुबाया के पास एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक चलती कार पर अचानक लोहे का खंभा गिर पड़ा। इस घटना में कार सवार परिवार बाल-बाल बच गया, हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है। गांव मोहम्मदे वाला निवासी जोबन अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर घुबाया की ओर जा रहा था। जैसे ही वे गांव के नजदीक पहुंचे, सड़क किनारे स्थित एक घी फैक्ट्री में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान फैक्ट्री परिसर से एक भारी लोहे का खंभा अचानक उनकी चलती कार पर गिर गया। खंभा कार का शीशा तोड़ते हुए अंदर तक घुस गया, जिससे कार बेकाबू होकर सड़क किनारे जा रुकी। घटना के बाद मौके पर मचा हड़कंप गनीमत यह रही कि हादसे में कार सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, कार को गंभीर क्षति पहुंची है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास के लोग तुरंत वहां एकत्र हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस चौकी घुबाया के इंचार्ज गुरनाम सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
