फाजिल्का के जलालाबाद में पुलिस ने दो बाइक सवार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पाकिस्तान से आई एक किलो हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और मामले में आगे की जांच की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और गहराई से पूछताछ की जाएगी। शक होने पर पुलिस ने रोक कर ली तलाशी जलालाबाद के डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त पर थी। इसी दौरान जलालाबाद की ओर से बाइक पर सवार दोनों युवक आते हुए दिखाई दिए। शक के आधार पर काबू कर चेकिंग की गई तो उक्त लोगों से एक किलो हेरोइन बरामद हुई। डीएसपी का कहना है कि बरामद गई हेरोइन पाकिस्तान से आई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलविंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह निवासी गांव सोहना सांदड़ जलालाबाद के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले है और आपस में पड़ोसी हैं। रिमांड पर लेकर की जाएगी पूछताछ फिलहाल उक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है और मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और उनसे पूछताछ की जाएगी । बता दें कि दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद पूरे पंजाब में रेड अलर्ट जारी है, जिसके तहत पुलिस की तरफ से सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। जगह-जगह पर नाकेबंदी कर हर शख्स की तलाशी ली जा रही है।