पंजाब के फाजिल्का मे बाढ़ से प्रभावित सरहदी गांवों में जहां एक ओर सामाजिक संस्थाएं राहत सामग्री लेकर पहुंच रही हैं, वहीं कई जगह अव्यवस्था की स्थिति देखने को मिल रही है। ऐसा ही एक मामला तेजा रुहेला गांव से सामने आया है, जहां कंबल वितरण के दौरान हंगामा हो गया। जानकारी अनुसार, एक निजी संस्था के कार्यकर्ता गांव रुहेला में कंबल बांटने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोगों को कंबल मिल गए, जबकि कुछ जरूरतमंद खाली हाथ लौट गए। इससे गांव के लोग नाराज हो गए और संस्था के लोगों को घेर लिया। स्थानीय निवासी मिलख सिंह ने बताया कि “हर दिन कई संस्थाएं गांव में आ रही हैं और जरूरतमंदों को राशन व अन्य जरूरी सामान दे रही हैं। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो जरूरत न होते हुए भी बार-बार सामान ले जा रहे हैं।”उन्होंने आगे कहा,आज भी कंबल बांटे गए,पर कुछ जरूरतमंद रह गए और जिन्हें जरूरत नहीं थी, वे ले गए। यह बिल्कुल गलत है। सही लोगों तक सही मदद पहुंचनी चाहिए।” प्रशासन की अपील- समन्वय से करें वितरण फाजिल्का प्रशासन ने इस संबंध में कहा है कि राहत कार्यों में लगी संस्थाओं का प्रयास सराहनीय है, लेकिन किसी भी सामग्री के वितरण से पहले प्रशासन से संपर्क करना अनिवार्य है। प्रशासन के अनुसार इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि राहत सामग्री सही ढंग से और जरूरतमंदों तक पहुंचे। प्रशासन ने सभी सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवियों से अपील की है कि वे पहले स्थानीय प्रशासन से अनुमति लें और फिर राहत सामग्री का वितरण करें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असंतोष की स्थिति से बचा जा सके।
