फाजिल्का जिले से अकाली नेता वरदेव सिंह नोनी मान को फाजिल्का पुलिस ने मोहाली के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, पंचायत चुनाव के दौरान जलालाबाद में झगड़ा हुआ था। इस दौरान उन पर फायरिंग करने के आरोप लगे थे। इस घटना में एक शख्स को गोली लगी थी, जिसमें नोनी मान सहित कई लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि इस मामले में नोनी मान के भाई और फाजिल्का से अकाली दल देहाती के जिलाध्यक्ष नरदेव सिंह बॉबी मान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है । जानकारी देते हुए, नोनी मान के लड़के हरपिंदर सिंह मान ने बताया कि उनके पिता को जिला फाजिल्का पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसके बाद उन्हें जलालाबाद कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि सरकारी वकील ने इस दौरान उनके पिता के पांच दिन के पुलिस रिमांड की मांग की है। जिसका उनके वकील द्वारा काउंटर किया गया और कहा गया कि इस मामले में पहले ही उनके चाचा नरदेव सिंह बॉबी मान की गिरफ्तारी हो चुकी है। कोर्ट ने तीन दिन की रिमांड पर भेजा उन्होंने बताया कि, हथियार की रिकवरी भी पुलिस दिखा चुकी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने उनके पिता वरदेव सिंह नोनी मान को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बता दें कि नोनी मान को पंचायत चुनाव के दौरान नामांकन पत्र दाखिल करने को लेकर बीडीपीओ कार्यालय के बाहर 2024 के दौरान हुई झड़प के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। इस झड़प के दौरान गोली चलने के भी आरोप लगे थे। एक शख्स को गोली भी लगी थी, जिसके चलते जलालाबाद पुलिस ने अकाली नेता वरदेव सिंह नोनी मान और शिरोमणि अकाली दल बादल की ओर से फिरोजपुर से लोकसभा चुनाव लड़ चुके नरदेव सिंह बॉबी मान और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ सिटी जलालाबाद थाने में मामला दर्ज किया था।
