भारतीय दिव्यांग संगठन की एक सभा रविवार को फलोदी की बरकत कॉलोनी में आयोजित की गई। इस बैठक में दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याओं पर गहन चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए प्रस्ताव पारित किए गए। प्रदेशाध्यक्ष बोले-हितों के लिए किया जाएगा संघर्ष सभा के मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष ईदु खां मेहर थे। जिलाध्यक्ष मोहम्मद सलीम ने बताया कि फलोदी जिले के सभी दिव्यांगों को संगठित कर उनके हितों के लिए संघर्ष किया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष ईदु खां ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजनों को सामाजिक और आर्थिक रूप से कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों का ध्यान पहले ही आकर्षित किया जा चुका है और उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। ठोस और प्रभावी नीति की बताई जरूरत दिव्यांग नेता एडवोकेट भैराराम मकवाना ने राष्ट्रीय स्तर पर एक ठोस और प्रभावी नीति बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी नीति से दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा और उनके जीवन में सुधार आएगा। इस अवसर पर जोधपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष संतोष पुरी, जोधपुर शहर अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण सैन, प्रदेश मीडिया प्रभारी अशोक राव और साबिर अली ने भी दिव्यांगजनों की कठिनाइयों पर अपने विचार रखे। ये रहे मौजूद बैठक में मोहन मेघवाल, आबिद खां, हबीब खान, भूराराम परिहार, भोमाराम मेघवाल, रईस खान, रुपाराम बामनिया, मदनसिंह भुट्टा, साईद खिलजी, कायमदीन, हबीबुल्लाह खान, आरिफ खान, याकूब अली और यूनुस खान सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संगठन ने घोषणा की कि दिव्यांगजनों का एक बड़ा सम्मेलन 28 जून को जोधपुर में आयोजित किया जाएगा।