फलोदी जिला पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत जिलेभर में एक साथ बड़ी और सघन कार्रवाई को अंजाम दिया। इस अभियान में कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अपराधियों पर दबाव बनाने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से 21 पुलिस टीमों का गठन किया, जिन्होंने 148 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया- यह विशेष अभियान वांछित अपराधियों, स्थाई और गिरफ्तारी वारंटियों तथा लोकल और स्पेशल एक्ट के तहत फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाया गया। अभियान की पूरी निगरानी एडीशनल एसपी ब्रजराज सिंह चारण के निर्देशन में की गई, जबकि सीओ अचलसिंह देवड़ा (फलोदी) और सीओ नगेन्द्र कुमार (लोहावट) ने फील्ड स्तर पर कार्रवाई को सुपरवाइज किया। चोरी और आबकारी मामलों के आरोपी पकड़े गए गिरफ्तार किए गए 26 व्यक्तियों में 5 वांछित अपराधी, 9 स्थाई और गिरफ्तारी वारंटी तथा 12 गैर सायलान आरोपी शामिल हैं। ये सभी आरोपी चोरी, नकबजनी, आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी से जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वाहन नजर आए तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
