फलोदी जिले की करिश्मा बिश्नोई आबूधाबी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कैमल रेस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। यह पहली बार है जब फलोदी जिले की किसी महिला खिलाड़ी ने इस स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया है। एशियन कैमल रेस फेडरेशन की ओर से 8 से 24 अक्टूबर तक आबूधाबी में एशियाई यूथ गेम्स कैंप आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारतीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय टीम में बालिका वर्ग से करिश्मा बिश्नोई के साथ बालक वर्ग में बाड़मेर के हितेंद्र सिंह और मुंबई के ऋषभ कदम शामिल हैं। टीम के कोच अक्षय पोसवाल और शौर्या जैन हैं। कैमेलिड्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन इंडिया के सचिव विष्णु नारायण ने बताया कि भारतीय टीम 15 दिवसीय कैंप के बाद 24 अक्टूबर को बहरीन में होने वाले तीसरे एशियन यूथ गेम्स में भाग लेगी।
