पंजाब के फरीदकोट में थाना सिटी के बाहर बुधवार को आम आदमी पार्टी के नगर पार्षद विजय छाबड़ा ने SHO इंस्पेक्टर संजीव कुमार के खिलाफ अभद्र भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए धरना दिया। पार्षद अपने वार्ड निवासी की चोरी हुई स्कूटी की शिकायत दर्ज करवाने को लेकर थाना सिटी पहुंचे थे। परंतु आरोप है कि SHO संजीव कुमार ने शिकायत दर्ज करने की बजाय पार्षद से अभद्र व्यवहार किया। उनके धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में शहरवासी और समर्थक मौके पर पहुंच गए, जिसके चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए डीएसपी तरलोचन सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने तत्काल स्कूटी चोरी का मामला दर्ज करने का भरोसा दिलाया। SHO ने खेद जताया इसी दौरान एसएचओ संजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे और अपने व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से खेद जताया जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। धरने के दौरान पार्षद विजय छाबड़ा ने कहा कि पिछले 15 दिनों से पुलिस द्वारा स्कूटी चोरी की शिकायत दर्ज नहीं की जा रही थी और जब उन्होंने इस मामले में धरना लगाने की बात कही तो गुस्साए एसएचओ ने उनके खिलाफ ही केस दर्ज करने की धमकी दी। पार्षद ने आप के सभी पदों से दिया इस्तीफा इस दौरान पार्षद विजय छाबड़ा ने कहा कि वह पिछले 2 वर्षों से आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं, लेकिन दुख की बात है कि पार्टी के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों समेत कोई भी नेता या कार्यकर्ता उनके समर्थन में नहीं पहुंचा जबकि अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। इससे नाराज होकर उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। बता दें कि इससे पहले वह बीजेपी के जिलाध्यक्ष थे। बाद में वह अकाली दल में शामिल हुए और करीब 2 वर्ष पहले उन्होंने आप का दामन थाम लिया था। इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि मामूली बात को लेकर विवाद बढ़ गया। चोरी की शिकायत दर्ज करने में कुछ देरी हुई थी, अब केस दर्ज कर लिया गया है।
