पंजाब में फरीदकोट की थाना सदर पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में बैठे बठिंडा जिले के एक गिरोह के 5 सदस्यों को वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मनजिंदर सिंह, सुखमंदर सिंह, प्रीतदीप सिंह, बलराज सिंह और कुलविंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हौंडा सिटी कार, एक मोटरसाइकिल, तीन कापे, एक खंडा और एक लोहे की गरारी बरामद की है। पुलिस के अनुसार एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन के दिशा निर्देश और डीएसपी तरलोचन सिंह व एसएचओ सदर फरीदकोट इंस्पेक्टर राजेश कुमार की निगरानी में एएसआई राज सिंह अपनी पुलिस टीम सहित नेशनल हाईवे पर गांव पक्का के पास स्थित पेलिकन प्लाजा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। योजना बना कर अरेस्ट किया इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति, जो पहले भी लूटपाट की घटनाओं में शामिल रहे हैं, फिर से गांव कलेर से आगे नेशनल हाईवे पर बंद पड़े ईंट भट्ठे पर लूट की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा और आरोपियों को योजना बनाते समय ही गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और अब इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जा रहा है ताकि आगे की पूछताछ की जा सके। जांच के दौरान सामने आया कि इस गिरोह के सदस्यों के खिलाफ पहले भी लूटपाट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत दो मामले दर्ज हैं।